logo

सीता सोरेन की जुबां से हेमंत सरकार की तारीफ सुनकर मिथिलेश ठाकुर बोले- स्वागत रहेगा

सीता सोरेन की जुबां से हेमंत सरकार की तारीफ सुनकर मिथिलेश ठाकुर बोले- स्वागत रहेगा

द फ़ॉलोअप डेस्कः
पूर्व विधायक और भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने झारखंड सरकार की जमकर तारीफ़ की है। गुरुवार को वह कतरास के एक शादी समारोह में भाग लेने के बाद मीडिया से बात कर रही थीं। इस दौरान सीता सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में बनी इंडिया गठबंधन की सरकार झारखंड में बढ़िया काम कर रही है। सीता सोरेन ने राज्य सरकार की योजनाएं अच्छी है। वह हर क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। प्रभात खबर अख़बार में छपी खबर के अनुसार सीता सोरेन ने आगे कहा कि राज्य सरकार की मइयाँ योजना काफ़ी लोकप्रिय है। इससे महिलाएँ मज़बूत हो रही हैं। आगे और भी अच्छी योजनाएँ लाई जायेगी। 


मिथिलेश ठाकुर ने किया स्वागत 
सीता सोरेन की ज़ुबाँ से जैसे ही हेमंत सरकार की तारीफ़ में शब्द निकले वैसे ही राजनीति भी गरमा गई। सोशल साइट पर पूर्व मंत्री और JMM नेता मिथिलेश ठाकुर ने अख़बार की कटिंग लगाते हुए लिखा है - स्वागत रहेगा! 


लोकसभा और विधानसभा का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ी हैं सीता 
आपको बता दें कि JMM के अध्यक्ष दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुत्रवधू और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन जामा से JMM की कई बार विधायक रह चुकी हैं लेकिन लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने अपना पाला बदल लिया था और भाजपा में शामिल हो गईं थीं। भाजपा के टिकट पर वह दुमका लोकसभा चुनाव लड़ीं लेकिन वह चुनाव नहीं जीत सकीं। फिर विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सीता सोरेन को जामताडा से उम्मीदवार बनाया लेकिन वहाँ भी पहले से जीतते आ रहे कांग्रेस के विधायक इरफ़ान अंसारी ने सीता सोरेन को जीतने नहीं दिया। फ़िलहाल सीता सोरेन भाजपा में तो हैं लेकिन बहुत एक्टिव नहीं हैं।